others
एशियन चैंपियन कृष्णांजलि जोशी सम्मानित, विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतना अगला लक्ष्य
हल्द्वानी। नेशनल मार्शल आर्ट्स गेम्स कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी ने विगत दिनों थाईलैंड से “ द्वितीय एशियन यूथ जुजित्सु – 2025 “ स्वर्ण सहित कुल तीन पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली काठगोदाम निवासी होनहार खिलाड़ी कृष्णांजलि जोशी को पोंलीशीट काठगोदाम स्थित उनके आवास पर जाकर बधाई दी एवंशाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने चैंपियनशिप के दौरान स्वर्ण पदकके गौरव पल के अनुभव एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर चल रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली।
लगातार दो बार की राष्ट्रीय चैंपियन रही और अब एशियन चैंपियनशिप ने देश का झंडा बुलंद कर स्वर्ण पदक जीतने वाली राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कृष्णांजली अब बहरीन में होने जा रहे एशियन खेलों के महाकुंभ “एशियन यूथ गेम्स-2025” सहित विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने को जीतोड़ मेहनत कर रही है। वह सुबह शाम स्टेडियम जाकर नियमित 4 घंटे जुजित्सु खेल का कड़ा अभ्यास कर रही है। केंद्रीय विद्यालय हल्द्वानी में पढ़ाई कर रही कृष्णांजलि नवीं कक्षा की मेधावी छात्रा होने के साथ साथ स्कूली जूडो की भी स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट है। कृष्णांजलि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने आदर्श पिता एवं एशियन गेम्स में भारतीय टीम के चीफ कोच विनय कुमार जोशी एवं अपनी माँ , दादा, दादी के आशीर्वाद को दिया है। भविष्य में वह देश के लिए कई पदक जीतकर तिरंगे की शान को देश दुनिया में बढ़ाना चाहती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी ने कहा की भविष्य की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर इस खिलाड़ी को भव्य समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। और राज्य सरकार से इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को विशेष प्रशिक्षण हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया जाएगा।

