others
अर्चित ने अंग्रेजी विषय में यूजीसी नेट परीक्षा लगातार तीसरी बार उत्तीर्ण की
बागेश्वर: लगन, अनुशासन और सही दिशा अगर बचपन से मिल जाए तो मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस बात को बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के भेंटा गांव से जुड़े युवा अर्चित लोहुमी ने अपने परिश्रम से साबित कर दिखाया है। वर्तमान में बागेश्वर में रह रहे अर्चित ने अंग्रेजी विषय में यूजीसी नेट परीक्षा लगातार तीसरी बार उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है।
अर्चित लोहुमी ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 99.85 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल किया है। इसके साथ ही उन्हें जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) प्राप्त हुई है, जिसे शैक्षणिक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। उनकी इस सफलता से जनपद भर में खुशी का माहौल है।अर्चित ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई हिमालयन सेंट्रल स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने महर्षि विद्या मंदिर, बिलौना से इंटरमीडिएट की परीक्षा मेरिट सूची में स्थान बनाते हुए उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी ऑनर्स किया, जहां वे टॉपर रहे। इसके पश्चात किरोड़ीमल कॉलेज से अंग्रेजी विषय में परास्नातक की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय से शोध कार्य में संलग्न हैं।
अर्चित के पिता हेम चंद्र लोहुमी राजकीय शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती प्रभा लोहुमी हिमालयन सेंट्रल स्कूल की प्रबंधन समिति से जुड़ी हैं। अर्चित ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, दादी, दिवंगत दादा जी और गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि यदि परिवार से संस्कार, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास मिले तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।
अर्चित की इस सफलता पर विधायक पार्वती दास, सुरेश गढ़िया, पूर्व विधायक ललित फरस्वान, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता नैना लोहुमी, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और परिजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।






