others
दुःखद: घर में आग लगने से जिंदा जली सो रही बीमार बुजुर्ग महिला, पांच तोला सोने के गहने, 50 हजार नकदी भी स्वाहा
गंगोलीहाट। तहसील मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर भामा गांव के एक घर में लगी आग में बीमार वृद्धा जिंदा जल गई। अग्निकांड में गहने सुलग गए जबकि नकदी राख हो गई।
गांव में किशन सिंह का तिमंजिला मकान एकांत में है। सोमवार शाम को वह पूजा में शामिल होने गए थे। उनकी पत्नी कमला देवी घास काटने जंगल गई हुई थी। घर में उनकी बीमार मां अनुली देवी (75) सो रहीं थीं। इसी दौरान घर में आग लग गई। गांव की युवती उमा ने शाम पांच बजे मकान से धुआं उठता देख ग्रामीणों को बताया। मौके पर ग्रामीण जब तक पहुंचे तब तक घर की तीसरी मंजिल जल चुकी थी। कमरे से वृद्धा का जला शव मिला।
परिजनों के अनुसार आग में पांच तोला सोना, 50,000 की नकदी और जरूरी कागजात नष्ट हो गए हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासक मंगल सिंह की सूचना पर गंगोलीहाट थाना पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मचारी गांव पहुंचे। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी गंगोलीहाट ले जाया गया।

