Connect with us

अपराध

दुःखद : घर के पास घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, खंडहर में घसीट ले गया शव; शूटरों ने किया ढेर

 

घर के पास घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, खंडहर में घसीट ले गया शव; शूटरों ने किया ढेर

पौड़ी। कोट ब्लॉक के वाड़ी गांव में घास लेने गई महिला पर गुलदार ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हमलावर गुलदार को मार गिराया।

वाड़ी गांव निवासी प्रभा देवी (59) पत्नी मातबर सिंह अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को घसीटते हुए पास के एक खंडहर मकान में ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

सूचना के बाद वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि महिला को निवाला बनाने के बाद गुलदार खंडहर के आसपास ही लगातार घूम रहा था। इससे आसपास के लोगों पर दोबारा हमले की आशंका बनी हुई थी।

वन विभाग की टीम और शूटरों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पहले ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया, लेकिन गुलदार आक्रामक हो गया। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए शूटरों ने आत्मरक्षा में गुलदार को मार गिराया।

गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते सात महीनों में गुलदार के हमलों में करीब सात लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। कई गांवों में लोग अकेले बाहर निकलने के बजाय समूह बनाकर आवाजाही कर रहे हैं। गुलदार के आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts