Connect with us

उत्तराखण्ड

भव्य अनुष्ठानों के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों से गूंजा पूरा धाम

खबर शेयर करें -

भव्य अनुष्ठानों के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों से गूंजा पूरा धाम

उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर केदारनाथ पहुंचे और बाबा केदार के दर्शन कर राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसकी भव्यता ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। डोली जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मंदिर पहुंचने के बाद डोली ने परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया और विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस दौरान सैन्य बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।

कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया है और देश-विदेश से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए। इस मौके पर बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts